पौड़ी गढ़वाल के देवेंद्र का हुआ एनसीसी अवार्ड 2025 के लिए चयन

नई दिल्ली: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के एक छोटे से गांव कुरक्याल से निकलकर देवेंद्र सिंह रावत ने अपनी मेहनत और लगन से दूरदर्शन में वरिष्ठ संवाददाता के पद पर पहुंच कर अपनी अलग पहचान बनाई हैं। उनकी पत्रकारिता में लंबे अनुभव और सराहनीय योगदान के लिए अब उन्हें एनसीसी अचीवर्स अवार्ड 2025 के लिए नामित किया गया है, जो 15 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
देवेंद्र सिंह रावत के साथ देशभर के 22 पूर्व एनसीसी कैडेटों को इस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इनमें एनसीसी मुख्यालय में अपर महानिदेशक ए एयर वाइस मार्शल पीवीएस नारायण, सीआरपीएफ में डीआईजी दलीप सिंह अंबेश, असम में सहायक आयुक्त और एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट रीमा तृष्णा हलोई और गुजरात में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट अहीर प्रिया वाघजीभाई आदि शामिल हैं।
एनसीसी एलुमनी क्लब के अध्यक्ष गिरीश निशाना ने बताया कि इस अवार्ड के लिए कुल 838 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से जूरी कमेटी ने 22 नामों पर अपनी अंतिम मुहर लगाई है। देवेंद्र सिंह रावत के नामांकन पर बधाई देते हुए गिरीश निशाना ने कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत और एनसीसी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
देवेंद्र रावत पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के ओ एस डी भी रहे है देवेंद्र सिंह रावत के गांव कुरक्याल के लोगों ने उनके नामांकन पर खुशी जताई है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। देवेंद्र सिंह रावत ने अपने नामांकन के लिए एनसीसी और अपने परिवार का आभार व्यक्त किया है।